ब्यूरो रिपोर्ट
सिरमौर के शिलाई में अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह धर्मा ने पेश की अनूठी मिसाल, हेमलता के साथ भारतीय संविधान को साक्षी मानकर लिए सात जीवनभर साथ निभाने के संकल्प
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां न तो शादी के लिए कोई शुभ मुहूर्त निकलवाया गया और न ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत पुरोहित को बुलाया गया। बल्कि भारतीय संविधान को साक्षी मानकर एक जोड़े ने विवाह के बंधन में बंधने का फैसला लिया। यह विवाह सामाजिक बदलाव, समानता और प्रगतिशील सोच की एक नई मिसाल बनकर सामने आया है।
मामला शिलाई क्षेत्र के कफोटा के धाड़मा गांव का है। यहां के निवासी पेशे से अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह धर्मा ने जिला शिमला की तहसील कुफवी के टंडाई निवासी कुमारी हेमलता के साथ अनूठे अंदाज में विवाह रचाया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित इस विवाह में भारतीय संविधान को साक्षी मानकर दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
न लग्न देखा, न ज्योतिषी से निकलवाया मुहूर्त
इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि वर-वधू ने विवाह के लिए किसी ज्योतिषी से शुभ मुहूर्त नहीं निकलवाया। दोनों ने आपसी सहमति और अपनी सुविधानुसार छुट्टी का दिन चुना और इसी दिन विवाह करने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि शादी दो व्यक्तियों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प है, जिसे किसी विशेष मुहूर्त या कर्मकांड का मोहताज नहीं होना चाहिए।
अग्नि की जगह संविधान को बनाया साक्षी
विवाह समारोह में वर-वधू ने भारतीय संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया और वैवाहिक जीवन को आपसी प्रेम, सम्मान और समानता के साथ निभाने की शपथ ली। सुरेंद्र सिंह धर्मा का मानना है कि विवाह में अनावश्यक आडंबर और रूढ़ियों के बजाय आपसी सहमति और सामाजिक समानता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
आधुनिक सोच के साथ निभाई स्थानीय परंपराएं
इस विवाह की खासियत यह भी रही कि आधुनिक विचारधारा अपनाने के बावजूद स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का पूरा सम्मान किया गया। शादी में बाकायदा बारात निकाली गई। मामा स्वागत सहित अन्य पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। दोनों परिवारों की सहमति और सहयोग से संपन्न हुए इस विवाह में गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर सुनील कुमार और विनोद आजाद ने कहा कि युवाओं को रूढ़ियों से आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाएगा। बहरहाल, सिरमौर की इस अनोखी शादी ने एक बार फिर विवाह की परंपराओं, सामाजिक सोच और समानता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।