कांगड़ा में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, घर में कपड़े धोती रह गई रिटायर्ड शिक्षिका, चोर अलमारी का लॉकर खोलकर ले उड़े गहने और नकदी

0
44

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सुबह-सवेरे एक घर में घुसकर लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस समय चोर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस समय घर की रिटायर्ड शिक्षिका महिला अंदर ही मौजूद थीं और कपड़े धो रही थीं।

मामला कांगड़ा जिला के संसारपुर टैरस का है। जानकारी के अनुसार 22 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे रिटायर्ड शिक्षिका अपने घर में कपड़े धो रही थीं। उनके पति उस समय अपनी दुकान पर गए हुए थे। इसी दौरान महिला को सामने वाले कमरे से किसी के चलने की आहट सुनाई दी। महिला ने समझा कि शायद उनके पति दुकान से वापस घर लौट आए हैं। इसी वजह से उन्होंने आवाजाही पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

कुछ देर बाद जब महिला के पति वास्तव में दुकान से घर लौटे, तो कमरे में अलमारी खुली देखकर उनके होश उड़ गए। जब उन्होंने पत्नी से इस बारे में पूछा और अलमारी के लॉकर की जांच की, तो उसमें रखे गहने और नकदी गायब मिले। इसके बाद घर में चोरी होने का पता चला।

चोर अलमारी से सोने की पांच अंगूठियां, एक सोने का टीका, एक नथ, गले की सोने की चेन, सोने के दो टॉप्स और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

उधर, एसपी देहरा संदीप धवल के कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, संसारपुर टैरस पुलिस थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घर में सेंधमारी और चोरी की इस वारदात को लेकर जांच तेज कर दी है तथा आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here