शिलाई गोलीकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, रंजिश में रची थी हत्या की साजिश; आरोपी गिरफ्तार

0
1441

ब्यूरो रिपोर्ट

सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर गोली चलाकर एक की हत्या करने के सनसनीखेज मामले को सुलझाने में सिरमौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 21 वर्षीय आरोपी विनोद को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद सामने आया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविन्द्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहे थे। सुबह करीब 7 बजकर 20 मिनट पर कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे खजान सिंह नीचे गिर गए। बाद में रविन्द्र सिंह ने घर पहुंचकर अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला। हेलमेट के अंदर से चांदी रंग की धातु की गोली भी बरामद हुई। वहीं, उनके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इस घटना में घायल खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना शिलाई में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण करने के लिए SFSL जुन्गा की विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिरमौर और SDPO पांवटा साहिब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद DSP मान्वेद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया।SIT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए 18 नवंबर को आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी की बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण आरोपी रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया।पुलिस आरोपी को शिलाई अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में आगामी जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here