(ब्यूरो रिपोर्ट )
सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठग अब लोगों को निशाना बनाने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। खासकर बुजुर्गों को अपने जाल में फंसाकर उनकी जीवनभर की जमा पूंजी पर हाथ साफ किया जा रहा है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के पोराला गांव से सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने जीवन प्रमाण पत्र बनाने का झांसा देकर 62 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को मोबाइल पर भेजे गए एक अनजान लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया। इसके बाद उनके खाते से 17 लाख 43 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में साइबर ठगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले को लेकर एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए खुद जागरूक रहने के साथ-साथ घर के बुजुर्गों को भी इसके प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।