पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, जीवनभर का साथ मौत में भी नहीं छूटा!

0
154

ब्यूरो रिपोर्ट

जिंदगीभर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले एक बुजुर्ग दंपति ने दुनिया को भी महज कुछ मिनटों के अंतराल में अलविदा कह दिया। सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के लगनू गांव में रविवार शाम करीब 80 वर्षीय मांगा राम उर्फ छोटू की मौत के 15 से 20 मिनट बाद उनकी करीब 75 वर्षीय पत्नी हरदेवी ने भी दम तोड़ दिया। सोमवार को दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।संगड़ाह ग्रामीण पंचायत के प्रधान तपेंद्र राणा के अनुसार, मांगा राम पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। रविवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी हरदेवी स्वस्थ थीं और दिनभर घर के सामान्य कामकाज में लगी हुई थीं।बताया जा रहा है कि पति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही हरदेवी उनके पास पहुंचीं और अपने हाथों से उन्हें पानी भी पिलाया। जब परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि मांगा राम अब इस दुनिया में नहीं रहे, तो उन्हें गहरा सदमा लगा। कुछ देर बाद जब वह शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर निकलीं, तो अचानक उन्हें चक्कर आया और वह बेसुध होकर गिर पड़ीं। इसके कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई। पति-पत्नी के निधन के बीच महज 15 से 20 मिनट का अंतर बताया जा रहा है।पत्रकारों से मजाक में कही थी अपनी मौत की खबर छापने की बातमांगा राम का क्षेत्र में लोगों के साथ अच्छा मेलजोल था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें संगड़ाह में भाजपा के चुनाव कार्यालय की देखरेख के लिए सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। कुछ दिन पहले स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक में कहा था कि उनकी मृत्यु होने पर उनकी खबर जरूर छापना। उस समय किसी ने भी नहीं सोचा था कि उनकी यह बात जल्द ही इस तरह याद की जाएगी।एक ही चिता पर दी गई अंतिम विदाईसोमवार को लगनू गांव के श्मशानघाट में मांगा राम और हरदेवी का एक ही बड़ी चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले इस दंपति को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। पंचायत प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी दोनों के निधन पर शोक व्यक्त किया। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here