ब्यूरो रिपोर्ट।
मंडी जिले के कोटली उपमंडल के बरयारा गांव में रविवार को दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्चे की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान अरनव (4), पुत्र जगदीश, निवासी बरयारा, तहसील कोटली के रूप में हुई है। अरनव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह घर के आंगन में खेल रहा था, जबकि उसके माता-पिता अपने काम में व्यस्त थे।कुछ देर बाद जब बच्चे की आवाज सुनाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आंगन में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खुला मिला। टंकी के अंदर देखने पर अरनव पानी में अचेत अवस्था में मिला। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल परिसर में भी चीख-पुकार मच गई।