ब्यूरो रिपोर्ट
कांगड़ा के कछियारी-रानीताल फोरलेन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बाथू पुल के समीप पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान सड़क पर आ गिरी। चट्टान से बचने के प्रयास में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग सुरक्षित बच गए।जानकारी के अनुसार बनखंडी निवासी परिवार बैजनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद नई कार से घर लौट रहा था। बाथू पुल के पास अचानक सड़क पर चट्टान गिरने के बाद चालक ने ब्रेक लगाई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार को काफी नुकसान हुआ, लेकिन एयरबैग खुलने के कारण कार सवारों की जान बच गई।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सभी पांच लोगों को सुरक्षित कार से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के मौसम में बाथू पुल के पास पहाड़ी से अक्सर पत्थर और चट्टानें गिरती रहती हैं।लोगों ने प्रशासन और फोरलेन प्रबंधन से इस संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान एहतियात के तौर पर पहले से ही एक लेन बंद रखी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।