शादी तय होते ही 2.20 लाख के गहने लेकर मां-बेटी फरार, हरिपुरधार में धोखाधड़ी का आरोप

0
1015

संध्या कश्यप नाहन।

हरिपुरधार क्षेत्र में शादी तय होने के तुरंत बाद युवती और उसकी मां के कथित तौर पर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।दिल्ली निवासी विपिन वालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई विशाल वालिया की शादी के लिए 17 अगस्त को एक व्यक्ति ने संपर्क किया था। इसके बाद अरविंद नामक बिचौलिए के माध्यम से परिवार को 21 अगस्त को हरिपुरधार बुलाया गया, जहां एक गेस्ट हाउस में युवती से मुलाकात के बाद दोनों पक्षों की सहमति से रिश्ता तय हो गया।शगुन के तौर पर शिकायतकर्ता की मां ने युवती को करीब 2.20 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण दिए। इनमें सोने का पेंडेंट, सोने की अंगूठी और हीरे की ईयर-रिंग्स शामिल थीं। वहीं, रिश्ता करवाने के एवज में बिचौलिए को 31 हजार रुपये नकद दिए गए।शादी की तारीख अगले दिन 22 अगस्त तय होने के बाद युवती, उसकी मां और बिचौलिया परिवार के साथ दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए। आरोप है कि नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर युवती और उसकी मां ने वहां कार्यरत एक रिश्तेदार से मिलने की बात कही। अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों कथित तौर पर परिवार को चकमा देकर आभूषणों समेत फरार हो गईं।काफी देर इंतजार के बाद भी दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार को कथित धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आभूषण बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। पुलिस युवती, उसकी मां और बिचौलिए की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here