पहाड़ी दरकी, मलबे में फंसी सवारियों से भरी HRTC बस, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

0
93

ब्यूरो रिपोर्ट।

ऊना। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी मार्गों पर सफर करना लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है। मंगलवार को ऊना जिले के थानाकलां-भाखड़ा सड़क मार्ग पर कोलका गांव के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। इसी दौरान सवारियों से भरी HRTC बस दलदल में फंस गई।जानकारी के अनुसार HRTC ऊना डिपो की बस मैहरे से थानाकलां-भाखड़ा होते हुए नंगल की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कोलका गांव के पास पहुंची, अचानक पहाड़ी से मिट्टी और मलबा सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते सड़क का एक हिस्सा दलदल में तब्दील हो गया और बस उसी में फंस गई।अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित रखा, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर JCB मशीन पहुंचाई गई और सड़क पर जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित रूप से मलबे और दलदल से बाहर निकाला गया, जिसके बाद मार्ग को बहाल करने की कोशिश की गई।लगातार बारिश के कारण ऊना के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने और सड़क किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here