ब्यूरो रिपोर्ट।
शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म और यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है। छात्रा ने अपनी मां को बताया कि कुमारसैन तहसील के रहने वाले आशीष नामक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म और यौन दुर्व्यवहार किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी पहले भी कई बार उसके साथ इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है।बेटी से पूरी जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और कुमारसैन थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही आवश्यक साक्ष्य जुटाने और आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।