राजगढ़ में 100 पेटी देसी शराब के साथ पिकअप चालक गिरफ्तार,

0
527

निशेष शर्मा राजगढ़

राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 100 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यशवंतनगर पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ शुक्रवार को गश्त और ट्रैफिक चेकिंग पर थे। दोपहर करीब 1:40 बजे शायाघाट के समीप सनौरा की ओर से आ रही पिकअप (HP63A-2142) को जांच के लिए रोका गया। चालक से पूछताछ के दौरान उसके हावभाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप में तिरपाल के नीचे रखी 100 पेटी देसी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की “पैराडाइज संतरा” ब्रांड की शराब थी, जिस पर “Sale in Himachal Pradesh Only” अंकित था। चालक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी की पहचान जयप्रकाश (32 वर्ष), निवासी देवठी मझगांव, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुरेश कुमार कर रहे हैं।
दूसरा मामला: पुलिस थाना राजगढ़ में मुकदमा संख्या 50/26 भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here