नौणी विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला: BSc, MSc, MTech और MBA की फीस में कटौती

0
75

ब्यूरो रिपोर्ट।

सोलन। छात्रों के विरोध और लगातार उठ रही मांगों को देखते हुए डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी प्रशासन ने फीस वृद्धि की समीक्षा करते हुए संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की फीस में उल्लेखनीय कटौती की है, जिससे विद्यार्थियों को हजारों रुपये की राहत मिलेगी।नई अधिसूचना के अनुसार, बीएससी सामान्य सीट की फीस, जिसे पहले 43,350 रुपये से बढ़ाकर 68,700 रुपये कर दिया गया था, अब घटाकर 49,500 रुपये कर दी गई है। इस फैसले से छात्रों को करीब 19,200 रुपये की राहत मिली है।इसी तरह बीएससी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस, जिसे बढ़ाकर 1,27,200 रुपये किया गया था, अब घटाकर 99,990 रुपये कर दी गई है। इससे विद्यार्थियों को लगभग 27 हजार रुपये का लाभ मिलेगा।विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में भी फीस कम करने का निर्णय लिया है। एमएससी, एमटेक और एमबीए सामान्य सीट की फीस 87 हजार रुपये से घटाकर 55 हजार रुपये कर दी गई है, जिससे छात्रों को करीब 32 हजार रुपये की राहत मिली है। वहीं, सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस 1,42,000 रुपये से घटाकर 1,05,000 रुपये निर्धारित की गई है।फीस में कटौती के इस निर्णय के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने से आर्थिक बोझ काफी कम होगा और उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here