( ब्यूरो रिपोर्ट ),
धर्मशाला/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर और थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 23.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इंदौरा में बाइक सवार दो युवक 17.46 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
पहले मामले में थाना इंदौरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर काठगढ़-इंदौरा मार्ग पर बाईं इंदौरियां के समीप नाकाबंदी के दौरान एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (HP 97 A 8273) को जांच के लिए रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से 17.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी इंदौरा के निवासी
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार उर्फ लब्बी (25) पुत्र अशोक कुमार और नितिन कुमार उर्फ नन्नू (26) पुत्र बलविंदर निवासी वार्ड नंबर-3, गांव व डाकघर इंदौरा के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
शाहपुर में 6 ग्राम चिट्टे के साथ दो और गिरफ्तार
दूसरे मामले में शाहपुर थाना पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान दो युवकों को 6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनाश पटियाल (32) पुत्र सुविन्द्र सिंह, निवासी गांव चतरेड़, तहसील शाहपुर तथा मान सिंह राणा (38) पुत्र नेत्र सिंह राणा, निवासी गांव हाडा, तहसील शाहपुर के रूप में हुई है।
शाहपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशा तस्करों पर लगातार जारी है कार्रवाई
हिमाचल पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस लोगों से भी अपील कर रही है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि इस अवैध नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
