( ब्यूरो रिपोर्ट ),
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जवाली थाना क्षेत्र की बेही पठियार पंचायत के गांव मंडोल में 45 वर्षीय व्यक्ति की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सुभाष चंद्र (45) के रूप में हुई है, जो औजार बनाने का कार्य करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर वह काम करता था, वहीं पर अज्ञात व्यक्ति ने तेजधार हथियार से उसका गला काट दिया। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही जवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या के कारणों तथा आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।