केलांग ( रंजीत लाहौली , संवाददाता ),
केलांग, 23 जून 2026… जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) लाहौल-स्पीति श्रीमती किरण भड़ाना ने जिला लाहौल-स्पीति में 19 किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण को लेकर पूर्व में लागू की गई नियंत्रित वितरण व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में आई कमी के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा 18 मार्च 2026 को एक विशेष नियामक व्यवस्था लागू की गई थी, जिसके तहत 19 किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों का वितरण नियंत्रित ढंग से किया जा रहा था। इस व्यवस्था का उद्देश्य सीमित उपलब्धता की स्थिति में उपभोक्ताओं को आवश्यक गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना था।
अब जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की समीक्षा के उपरांत यह पाया गया है कि 19 किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य हो चुकी है तथा जिले में नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति व्यवस्था के सामान्य होने के मद्देनजर पूर्व में लागू नियंत्रित वितरण प्रणाली की आवश्यकता नहीं रह गई है।
इस संबंध में उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 18 मार्च 2026 को जारी कार्यालय आदेशों को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है।
आदेशों के अनुसार अब 19 किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों का वितरण संबंधित एचपीएससीएससी गैस एजेंसियों द्वारा सामान्य आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। यह वितरण हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों, एचपीएससीएससी गैस एजेंसियों तथा अन्य हितधारकों को निर्देश दिए हैं कि वे जिले में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखें तथा सभी वैधानिक प्रावधानों, सरकारी निर्देशों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटल व्यवसायियों, ढाबा संचालकों एवं अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपनी गैस आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अब सामान्य वितरण प्रणाली का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित गैस एजेंसी अथवा जिला प्रशासन से संपर्क करें।

