पंचायत समिति और जिला परिषद मतगणना को लेकर दूसरा रिहर्सल सम्पन्न, महिलाओं के जिम्मे रहेगा पूरा “पिंक मतगणना केंद्र”

0
79

केलांग ( रंजीत लाहौली,संवाददाता ),

लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा भवन में पंचायत चुनावों के अंतर्गत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना को लेकर द्वितीय पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान मतगणना प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रिहर्सल में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स तथा एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने मतगणना से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

इस बार मतगणना केंद्र को विशेष रूप से “पिंक मतगणना केंद्र” के रूप में विकसित किया गया है। खास बात यह रहेगी कि यहां मतगणना से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे, जिससे महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देखने को मिलेगा।

खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया ने मतगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि मतों की गिनती के लिए कुल सात टेबल स्थापित की गई हैं। प्रत्येक टेबल पर कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं और निर्धारित नियमों के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य वास्तविक मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या अव्यवस्था से बचना तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना के प्रत्येक चरण की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई ताकि मतदान परिणाम प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर तहसीलदार केलांग विकास कुमार, नायब तहसीलदार शेर सिंह, पंचायत निरीक्षक अंकित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here