दो दिनों से धधक रही आग, हेलीकॉप्टरों से 40 हजार लीटर पानी की बारिश

0
50

ब्यूरो रिपोर्ट सोलन।

कसौली। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से धधक रही भीषण जंगल की आग ने व्यापक तबाही मचाई है। आग पर काबू पाने के लिए भारतीय वायुसेना ने नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर मोर्चा संभाल लिया है। वायुसेना की ओर से पुष्टि की गई है कि बुधवार शाम पांच बजे से अग्निशमन अभियान पूरे जोश के साथ जारी है और रात के अंधेरे में भी ऑपरेशन बिना रुके चलता रहा।वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने चंडीगढ़ स्थित सुखना झील से पानी भरकर ‘बम्बी बकेट’ अभियान के तहत 15 से अधिक उड़ानें भरीं और आग प्रभावित क्षेत्रों पर 40 हजार लीटर से अधिक पानी गिराया। दुर्गम क्षेत्रों में जहां जमीनी दल पहुंचने में असमर्थ रहे, वहां हेलीकॉप्टरों ने दिन-रात अभियान चलाकर आग बुझाने की कोशिश की।बताया जा रहा है कि आग कसौली वायुसेना स्टेशन के समीप से भड़ककर कोटी, सनावर, गड़खल, मनोण, जागेशु, सीआरआई और मंकी प्वाइंट तक के घने जंगलों में फैल चुकी है। इस आग से भारी मात्रा में वन संपदा जलकर राख हो गई है, वहीं वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।इधर, वन विभाग की टीमें, दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन भी लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आग पर जल्द काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here