( ब्यूरो रिपोर्ट ),
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गरामोड़ा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 3.005 किलोग्राम चरस बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मंडी जिले के बालीचौकी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की टीम गरामोड़ा फोरलेन पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंचीमोड़ से कीरतपुर की ओर जा रही एक कार (HP 01KA-7012) को जांच के लिए रोका गया। कार में पांच लोग सवार थे। पुलिस को देखकर सभी आरोपी घबरा गए, जिससे पुलिस को शक हुआ।
संदेह के आधार पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिक्की में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से 3.005 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठाणेदार पुत्र दयाराम निवासी गांव डीगली, किशन चंद पुत्र गणु राम निवासी गांव दुचार, गोपाल पुत्र देवे राम निवासी गांव बशुट, भाग चंद पुत्र लोहारु राम निवासी गांव दुचार तथा दया राम पुत्र धर्मदास निवासी गांव दुचार, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
