सोलन में साइबर ठगी का बड़ा मामला: चाय बेचने वाले व्यक्ति के खाते से 1.75 लाख रुपए उड़ाए

0
66

( ब्यूरो रिपोर्ट ),

हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित सोसाइटीगंज बाजार में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चाय बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले एक व्यक्ति को डिजिटल ठगों ने अपना निशाना बनाया और उसके बैंक खाते से 1.75 लाख रुपए की रकम साफ कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भी सतर्क हो गए हैं।

पीड़ित की पहचान विद्या दत्त के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उन्हें एक कॉल आई जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया। आरोपी ने बैंकिंग प्रक्रिया और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर विद्या दत्त को अपनी बातों में फंसा लिया।

फोन कटने के कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा और पूरी तरह लॉक हो गया। इस दौरान वे किसी भी मोबाइल एप या यूपीआई सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पाए।

ठगों की चाल इतनी शातिर थी कि पीड़ित को दो दिन तक इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी। जब मोबाइल दोबारा सामान्य हुआ और उन्होंने बैंक के मैसेज चेक किए, तब खाते से 1.75 लाख रुपए निकलने की जानकारी सामने आई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रकम किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग डिटेल, ओटीपी, क्रेडिट/डेबिट कार्ड नंबर या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।

इसके अलावा यदि मोबाइल अचानक हैंग हो जाए, लॉक हो जाए या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत बैंक और साइबर सेल से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here