केलांग (रंजीत लाहौली,संवाददाता )
लाहौल-स्पीति जिले में पंचायत चुनावों को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी काजा शिखा ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड काजा की ग्राम पंचायत लांगजा के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला कॉमिक में 4587 मीटर की ऊंचाई पर मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। यह प्रदेश का सबसे ऊंचाई पर स्थित मतदान केंद्र माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लारा पंचायत के तीनों वार्डों में बनाए गए मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह महिला मतदान दल और महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा किया जाएगा। इन मतदान केंद्रों के लिए कुल 10 महिला मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें से 8 दल चुनावी ड्यूटी निभाएंगे, जबकि 2 दल रिजर्व में रखे गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि दुर्गम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

