ब्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने बिजली सब्सिडी को लेकर अपने पुराने आदेश में बदलाव करते हुए 126 से 300 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी को फिर से बहाल कर दिया है।
पहले जारी आदेशों के तहत इन उपभोक्ताओं की सब्सिडी समाप्त कर दी गई थी, जिसके कारण उन्हें 5.89 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल देना पड़ता। लेकिन अब सरकार के नए फैसले के बाद इन उपभोक्ताओं को 1.72 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी, यानी उन्हें 4.17 रुपये प्रति यूनिट की राहत मिलेगी।
यह फैसला मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने पांच दिन पहले ही इस सब्सिडी को बंद किया था, जिसे अब फिर से लागू कर दिया गया है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 6 से 8 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, अत्यंत गरीब परिवारों के लिए 300 यूनिट तक बिजली पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है, जिससे उनका बिजली बिल शून्य आएगा। इन परिवारों से किसी भी प्रकार का सैस, ड्यूटी या अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इसके अलावा, प्रदेश में 125 यूनिट तक बिजली की मुफ्त सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, जो अधिकतम दो बिजली मीटर तक ही सीमित रहेगी। यदि किसी उपभोक्ता के नाम पर दो से अधिक मीटर पाए जाते हैं, तो सभी पर यह सुविधा लागू नहीं होगी।
बिजली बोर्ड की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ उपभोक्ताओं के नाम पर 40 से 45 तक बिजली मीटर दर्ज हैं, जिन पर अब सख्ती बरतने की तैयारी की जा रही है।

