रामपुर ( सुरजीत नेगी , संवाददाता ),
एसजेवीएन के 412 मेगावाट क्षमता वाले रामपुर जलविद्युत स्टेशन (एचपीएस) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक 2108.034 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि परियोजना के 11 वर्षों के प्रचालन इतिहास में पहली बार 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार करने के रूप में दर्ज हुई है। इससे पहले वर्ष 2019-20 में 2098.03 मिलियन यूनिट का सर्वोच्च उत्पादन दर्ज किया गया था, जिसे इस वर्ष पीछे छोड़ दिया गया है।
परियोजना ने अपने 1878 मिलियन यूनिट के डिज़ाइन एनर्जी लक्ष्य को भी निर्धारित समय से काफी पहले हासिल कर लिया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह प्रदर्शन रामपुर एचपीएस की उच्च तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रचालन क्षमता को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, मेहनत और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम है। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी कर्मचारियों की टीम भावना और समर्पण को दिया।
वहीं, निदेशक (वित्त) पार्थजित डे ने इसे संगठन की मजबूत प्रचालन क्षमताओं का प्रमाण बताते हुए ऊर्जा क्षेत्र में एसजेवीएन के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, संसाधनों के बेहतर उपयोग और परिचालन उत्कृष्टता का परिणाम है।
रामपुर एचपीएस लगातार नई ऊंचाइयों को छूते हुए ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।






