हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज: 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बर्फबारी से बढ़ी मुश्किले

0
82

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के पांच जिलों—शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 3 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च से 3 अप्रैल के बीच प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। 29-30 मार्च और 2-3 अप्रैल को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, 1 अप्रैल को केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान में शिमला में 10.5 डिग्री, भुंतर में 10.0 डिग्री, कल्पा में 4.0 डिग्री, धर्मशाला में 9.5 डिग्री और केलांग में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसी बीच, अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भारी बर्फबारी शुरू हो गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र सोलंग बैरियर से आगे 4×2 और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करें और ऐसी स्थिति में 4×4 वाहनों का ही उपयोग करें।प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here