शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
थाना झाकड़ी में चोरी का एक मामला दर्ज किया गया, जिसमें सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान खड़ी मशीनों (JCB, पोकलेन, टिप्पर आदि) से लगभग 500 लीटर डीजल, 3 ग्रीस गन और अन्य उपकरण चोरी हो गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब ₹1,71,000 आंकी गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज की जांच की। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध वाहन और लोग घटना के समय इलाके में घूमते हुए पाए गए।
जांच में गौरव नेगी निवासी गांव सनारसा का नाम सामने आया, जो पहले भी ऐसी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन सुन्नी क्षेत्र में पाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जगातखाना (थाचवा) से पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी सामने आया कि वह अन्य नाबालिग लड़कों के साथ एक और चोरी के मामले में शामिल था।
जिला शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

