संध्या कश्यप नाहन।
नाहन: जिला मुख्यालय नाहन के समीप शंभूवाला क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नाले (खाले) से 28 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जय सिंह (28) निवासी डोडरा क्वार के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, जय सिंह पेशे से भेड़ पालक था और हर साल की तरह इस बार भी अपनी भेड़ों के साथ शंभूवाला क्षेत्र में डेरा डाले हुए था। वह पिछले तीन दिनों से अपने डेरे से लापता था, जिसके बाद परिजन और साथी लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। उसका भाई सन्नी भी आसपास के गांवों में उसे खोज रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।शनिवार सुबह गणेश बाग के समीप एक गहरे नाले में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस पिछले दो दिनों से युवक की तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि युवक के शराब सेवन का आदी होने की बात भी सामने आई है, जो हादसे का एक संभावित कारण हो सकता है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।