लाहौल (रंजीत लाहुली ,संवाददाता ),
केलांग, 19 मार्च 2026। लाहौल-स्पीति जिला में ग्राम पंचायत क्षेत्रों के पुनर्गठन के तहत दो नई ग्राम सभाओं का गठन किया गया है। उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि विकास खंड लाहौल की ग्राम पंचायत खंगसर के ग्राम सभा क्षेत्र का विभाजन कर ग्राम सभा शूलिंग का गठन किया गया है, जबकि ग्राम पंचायत तांदी और वारपा के क्षेत्रों के पुनर्गठन से ग्राम सभा मालंग अस्तित्व में आई है।
उन्होंने बताया कि इस पुनर्गठन के बाद प्रभावित ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति तथा जिला परिषद वार्डों का परिसीमन किया जाना आवश्यक है, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बीडीओ को सौंपी जिम्मेदारी
उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के तहत खंड विकास अधिकारी, विकास खंड लाहौल को संबंधित ग्राम पंचायतों—खंगसर, शूलिंग, तांदी, वारपा व मालंग—तथा पंचायत समिति लाहौल के निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन तैयार करने और उसे सार्वजनिक करने के लिए प्राधिकृत किया गया है।
20 मार्च तक अंतिम प्रकाशन
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि परिसीमन से संबंधित प्रस्तावों का अंतिम प्रकाशन 20 मार्च 2026 तक या उससे पहले सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
केलांग से रंजीत लाहौली की रिपोर्ट


