ब्यूरो रिपोर्ट ऊना।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में वरिगल गांव के पास मोटरसाइकिल सवार तीन लुटेरों ने एक कॉलेज छात्रा को निशाना बनाते हुए उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में दो युवकों के साथ एक युवती भी शामिल बताई जा रही है।पीड़िता की पहचान खुशबू धीमान के रूप में हुई है, जो वरिगल पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबोटा की छात्रा है। सोमवार शाम को जब वह कॉलेज से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के नजदीक बाइक सवार तीन अज्ञात लोग उसके पास रुके। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, आरोपियों ने झपट्टा मारकर उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं और फरार हो गए।घटना इतनी तेजी से हुई कि छात्रा शोर तक नहीं मचा सकी। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही अंब थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।इस संबंध में डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज मार्गों पर गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।