नाहन (संध्या कश्यप ,संवाददाता ),
खालसा फुटबाल कप 2026 का फाइनल मुकाबला गुलशन एफसी और गोबिंदगढ़ एफसी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गुलशन एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन गुलशन एफसी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर दो गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट का आयोजन मिलन सिंह व डीएफए सिरमौर द्वारा किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सरदार गुरमीत सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। विजेता टीम गुलशन एफसी को 31,000 रुपये नकद पुरस्कार और सुंदर ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता गोबिंदगढ़ एफसी को 15,000 रुपये नकद और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने सभी टीमों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।


