आकांक्षात्मक खंड कार्यक्रम के अंतर्गत कुपवी में सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ

0
13

शिमला ,ब्यूरो रिपोर्ट

आकांक्षात्मक खंड कार्यक्रम (Aspirational Block Programme) के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ विकास खंड कुपवी में किया गया। इस कार्यक्रम में आकांक्षात्मक खंड कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अध्यक्षों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडल दंडाधिकारी, कुपवी अमन कुमार राणा ने की। 

इस मौके पर उन्होंने सम्पूर्णता अभियान 2.0 के उद्देश्यों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि चिन्हित संकेतकों (Key Indicators) में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।

बैठक के दौरान सभी ब्लॉक स्तरीय अध्यक्षों द्वारा उन प्रमुख संकेतकों पर विशेष चर्चा की गई जिनमें वर्तमान में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है। साथ ही, इन संकेतकों के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्व को विस्तार पूर्वक बताया गया तथा इन्हें संतृप्ति (Saturation) स्तर तक ले जाने हेतु विभागीय कार्य योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त-सह-खंड विकास अधिकारी, कुपवी करणवीर सिंह ने कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य पर संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 का मूल लक्ष्य चयनित संकेतकों की 100 प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है, जिससे आमजन को योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी विभागों एवं फील्ड स्तर के कार्मिकों से लक्ष्य आधारित एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोषण अभियान (Poshan Abhiyaan) और टीकाकरण (Immunization) के महत्व पर जानकारी दी गई तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण की रोकथाम एवं पूर्ण टीकाकरण के लाभों से अवगत करवाया गया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा फील्ड स्तर पर कार्यान्वयन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों को भी साझा किया गया, जिनके समाधान हेतु आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया गया।

सम्पूर्णता अभियान 2.0 के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय, जन-भागीदारी एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वह निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि विकास खंड कुपवी को एक सशक्त एवं आकांक्षात्मक खंड के रूप में विकसित किया जा सके।

-०-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here