ब्यूरो रिपोर्ट शिमला।
शिमला जिले के चौपाल थाना क्षेत्र में एक युवक अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस थाना चौपाल को शुक्रवार को एक स्थानीय निवासी ने सूचना दी कि उनका एक किरायेदार कमरे के अंदर मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।कमरे की तलाशी के दौरान युवक का शव जली हुई अवस्था में पाया गया। मौके से प्राप्त आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा पुत्र धर्मवीर शर्मा के रूप में हुई है। मृतक मूल रूप से गांव व डाकघर देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला का रहने वाला बताया गया है।पुलिस ने मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया। जांच के दौरान ज्वालापुर क्षेत्र में कुछ संभावित पते सामने आए हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी नजदीकी परिजन से संपर्क नहीं हो पाया था।पुलिस के अनुसार मृतक कमरे में अकेला रह रहा था और प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी।पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है तथा बयान दर्ज करने सहित सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मामले की जांच जारी है।
