कुल्लू (ब्यूरो रिपोर्ट),
पहाड़ों की शांत वादियों में बहने वाली ब्यास नदी एक बार फिर दर्दनाक वारदात की गवाह बनी। बंजार के गाड़ागुशौणी कांड की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि पतलीकूहल क्षेत्र के 16 मील इलाके में नशे में हुई तकरार ने एक दोस्त की जान ले ली।
शराब के नशे में हुई कहासुनी बनी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, नेपाल मूल के दो प्रवासी मजदूर साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ललित उर्फ ललन ने गुस्से में अपने साथी बीर बहादुर सिंह (36) को सड़क किनारे से उफनती ब्यास नदी की ओर धक्का दे दिया।
बीर बहादुर संतुलन नहीं संभाल पाया और ऊंचाई से सीधे पत्थरों व गहरे पानी में जा गिरा। गंभीर चोटें आने और डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पतलीकूहल पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित को हिरासत में ले लिया। मृतक और आरोपी दोनों नेपाल के जाजरकोट (कर्णाली प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं, जो रोजगार की तलाश में कुल्लू आए थे।
पुलिस ने बताया कि:चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जिन्होंने धक्का देने की पुष्टि की है।भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।जांच जारी है कि यह वारदात तात्कालिक विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी।“नशा विनाश की जड़ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मदन लाल कौशल, पुलिस अधीक्षक,ने कहा कानून को हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है।” कुल्लू घाटी में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
