परवाणू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 378 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

0
209

सोलन (नरेंद्र कुमार, संवाददाता),

परवाणू क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 29-12-2025 को पुलिस थाना परवाणू की टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से रवाना थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि भूपेन्द्र नामक युवक परवाणू क्षेत्र में चरस बेचने का अवैध कारोबार करता है तथा उसके पास भारी मात्रा में चरस मौजूद है, जिसे वह सप्लाई करने की फिराक में है।

प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए युवक को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान भूपेन्द्र सिंह पुत्र श्री प्रेम सिंह, निवासी गांव सराची, डाकखाना कल्हानी, तहसील थुनाग, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश), उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 378 ग्राम चरस बरामद की गई।

इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियोग के अन्वेषण के दौरान आरोपी भूपेन्द्र सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 30-12-2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त रहा है या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here