घर की चारदीवारी में दरिंदगी, नाबालिग बेटी से यौन उत्पीड़न का मामला उजागर

0
453

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला।

रामपुर बुशहर पुलिस उपमंडल के अंतर्गत एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक गांव की महिला ने अपने ही पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपनी नाबालिग बेटी का लंबे समय तक यौन उत्पीड़न किया।
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2017 से 2020 के बीच अपने ही आवास में नाबालिग बेटी के साथ बार-बार यौन उत्पीड़न किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान बच्ची को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और मामले को उजागर करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। काफी समय तक डर और सामाजिक दबाव के चलते चुप रहने के बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर अब पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 506 तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह नाबालिग से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला है, इसलिए इसकी जांच स्वयं निरीक्षक/एसएचओ आशीष कौशल द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को डराने या दबाव बनाने के बजाय कानून का साथ दें, ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here