शिमला (विकास शर्मा, ब्यूरो चीफ),
यूरोकिड्स प्रीस्कूल, चक्कर में क्रिसमस के अवसर पर एक रंगारंग और आनंदमय क्रिसमस कार्निवल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को एक खुले मेले के रूप में सजाया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को आनंददायक वातावरण में वास्तविक जीवन का अनुभव प्रदान करना था।
कार्निवल के दौरान बच्चों के लिए अनेक रोचक एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें गोल्फ टारगेट चैलेंज, सांता’स हैट टॉस, पुल द लकी स्ट्रिंग, स्पिन द व्हील तथा कलरिंग डेक प्रमुख रहे। ये सभी गतिविधियाँ बच्चों की रचनात्मकता, समन्वय क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए विशेष रूप से तैयार की गई थीं।
उत्सव में बच्चों को सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए मनमोहक नृत्य गतिविधि का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और खुशियों का माहौल बना रहा। यह कार्निवल बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन का माध्यम रहा, बल्कि एक सार्थक अनुभवात्मक सीख का अवसर भी प्रदान किया।
इस आयोजन ने प्रारंभिक शिक्षा में आनंद, रचनात्मकता और व्यावहारिक अनुभवों को शामिल करने की यूरोकिड्स प्रीस्कूल की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

