IGMC मारपीट मामला: आरोपी डॉक्टर की सेवाएं समाप्त, सरकार की सख्त कार्रवाई

0
98

विकास शर्मा शिमला।

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में मरीज के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर सरकार ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय (DMER), हिमाचल प्रदेश ने जांच पूरी होने के बाद आरोपी सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राघव निरुला की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। इस संबंध में निदेशालय की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, IGMC शिमला की अनुशासनात्मक जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में यह सामने आया कि पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. राघव निरुला और 36 वर्षीय मरीज अर्जुन के बीच अस्पताल परिसर में झड़प हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर को पहले 22 दिसंबर 2025 को निलंबित किया गया था।जांच के दौरान मरीज के परिजनों की ओर से डॉ. राघव निरुला के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई, जो वर्तमान में पुलिस जांच के अधीन है। वहीं, घटना से संबंधित वीडियो क्लिप भी जांच का एक महत्वपूर्ण आधार बनी।सरकार द्वारा गठित जांच समिति ने सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन पड़ताल के बाद अपनी रिपोर्ट में पाया कि इस घटना के लिए मरीज और डॉक्टर—दोनों ही जिम्मेदार थे। हालांकि, एक लोक सेवक होने के नाते डॉ. राघव निरुला को कदाचार, दुर्व्यवहार और रेजिडेंट डॉक्टर पॉलिसी-2025 के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया।इन तथ्यों के आधार पर निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, हिमाचल प्रदेश ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए रेजिडेंट डॉक्टर पॉलिसी-2025 की धारा-9 के तहत डॉ. राघव निरुला की सीनियर रेजिडेंट पद से सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए।इस कार्रवाई के बाद IGMC शिमला प्रकरण में सरकार की सख्त मंशा साफ दिखाई दे रही है। प्रशासन का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में किसी भी प्रकार की हिंसा, अनुशासनहीनता और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।डॉ. राघव निरुला की सेवा समाप्ति को स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, जवाबदेही और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। साथ ही, यह कार्रवाई भविष्य के लिए एक स्पष्ट संदेश और चेतावनी भी है कि किसी भी स्तर पर हिंसा और दुर्व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here