सोलन (नरेंद्र कुमार, संवाददाता),
कसौली पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। आज दिनांक 24-12-2025 को पुलिस थाना कसौली की टीम चंडी क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि गांव लगोग निवासी पतराम पुत्र गोरखिया राम अपने घर के साथ बनी पशुशाला में अवैध शराब बेचने का धंधा करता है तथा वहां भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव लगोग में संबंधित पशुशाला पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से देशी शराब मार्का “पैराडाइज संतरा” की कुल 15 पेटियां बरामद की गईं, जिनमें 180 बोतलें शामिल थीं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। आरोपी शराब रखने व बेचने से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर सका।
इस पर पुलिस थाना कसौली में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी पतराम को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत पाबंद किया गया है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि उसके विरुद्ध पहले भी इसी थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।

