चिट्टा तस्करी का बड़ा खुलासा, भाजपा विधायक के भतीजे समेत दो युवक गिरफ्तार

0
492

ब्यूरो रिपोर्ट, हमीरपुर।

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हमीरपुर पुलिस ने बुधवार सुबह गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 2 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

पहले मामले में पुलिस ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र के गांव ओक निवासी शुभम शर्मा (26) को गलोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान शुभम के पास से करीब 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों पर पहले से संदेह था, जिसके चलते गश्त के दौरान उसे पकड़ा गया।

दूसरे मामले ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। पुलिस ने बड़सर से भाजपा विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के भतीजे आकाश शर्मा (27) निवासी गांव नेरी को संमलेहड़ा जंगल से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी विधायक के साले का बेटा है। तलाशी के दौरान आकाश के पास से 1 ग्राम चिट्टा के साथ चिट्टे को तोलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी बरामद की गई है।

इस संबंध में डीएसपी बलवीर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी केवल नशे के उपभोक्ता हैं या इसके पीछे कोई बड़ा नशा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। चिट्टा कहां से आया, किसे सप्लाई किया जाना था और इसमें और कौन-कौन शामिल है, इसकी गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here