अस्पताल में न तो आवश्यक स्टाफ, न ही मशीनरी व उपकरण : चौधरी

0
239

करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ बद्दी का नया नागरिक अस्पताल उद्घाटन के छह दिन बाद भी मरीजों के लिए शुरू नहीं हो पाया है। भव्य उद्घाटन के बाद भी अस्पताल में न तो चिकित्सा सेवाएं शुरू की गई हैं और न ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू की जा सकी हैं। परिणामस्वरूप मरीजों को आज भी पुराने भवन में ही ओपीडी सेवाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ने बिना सुविधाएं पूरी किए जल्दबाजी में अस्पताल का उद्घाटन तो कर दिया, लेकिन बुनियादी ढांचे की कमी के कारण अब अस्पताल सफेद हाथी साबित हो रहा है। अस्पताल में न तो आवश्यक स्टाफ तैनात है और न ही मशीनरी व आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं। ऐसे में मरीजों को नए भवन में जाने की बजाय पुराने अस्पताल में ही उपचार के लिए लाइनें लगानी पड़ रही हैं। यह बात नगर परिषद बद्दी की पूर्व चेयरमैन उर्मिला गुरमेल चौधरी ने कही और कहा कि यह बद्दी नालागढ़ की जनता के साथ सरासर धोखा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल शिलान्यास और उद्घाटन की राजनीति में उलझी हुई है, लेकिन जनता की वास्तविक जरूरतों की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की करनी और कथनी में भारी अंतर है, जिसका ताजा उदाहरण यह अधूरा अस्पताल है।

उर्मिला चौधरी ने कहा कि सरकार ने बिना सुविधाओं और चिकित्सा संसाधनों के अस्पताल का उद्घाटन कर जनता की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परंपरा केवल उद्घाटन करने तक सीमित है, लेकिन कार्यान्वयन के स्तर पर ये परियोजनाएं अक्सर विफल हो जाती हैं। जो भी उद्घाटन कांग्रेस सरकार ने किए, वे जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। अस्पताल के मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी स्पष्ट है। मरीजों को उम्मीद थी कि नए अस्पताल के शुरू होने से उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन उद्घाटन के बाद भी हालात जस के तस हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here