नाहन (संध्या कश्यप, संवाददाता),
नाहन के कालाअंब के नागल में दो बेटियों की शादी से पहले पिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। हालाँकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है लेकिन पिता के इस कदम से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक यशपाल की दो बेटियों की शादी दो दिन बाद होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। मृतक की पहचान 50 वर्षीय यशपाल, निवासी गांव नागल, तहसील नाहन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब डेढ़ बजे तक महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। घर में दो बेटियों की एक साथ शादी की तैयारियां जोरो से चल रही थी । जैसे ही संगीत कार्यक्रम खत्म हुआ और सभी सोने की तैयारियां करने लगे, तभी किसी ने बेटियों के पिता को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद मृतक यशपाल को तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

