सोलन (नरेंद्र कुमार, संवाददाता),
सोलन ज़िला के कसौली उपमंडल के अंतर्गत आने वाले राजडी क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब रिखी राम पुत्र रूप राम, निवासी गाँव कोटी डाकघर जाबली, अपनी पत्नी नीमा देवी को दवाई दिलाने के लिए मोटरसाइकिल (नं. HP15A-9268) पर धर्मपुर की ओर जा रहे थे।
जानकारी के बुधवार सुबह 8:30 बजे जब दंपत्ति एनएच-05 पर राजडी के पास पहुँचे, तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक (नं. CH01GA-8095) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई। इस दौरान दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुँचकर एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धर्मपुर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने नीमा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रिखी राम का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक जितेन्द्र के विरुद्ध तेज़ रफ़्तारी व लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे से क्षेत्र में शोक कर दौड़ गई है।



