राजगढ़ (निशेष शर्मा, संवाददाता),
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में आज आपदा प्रबंधन कमेटी और भूगोल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के उपलक्ष पर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली महाविद्यालय परिसर से आरंभ होकर कोटली राजगढ़ तक निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने आम जनमानस को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा उपायों की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. एस. के. गांधी ने किया। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र ठाकुर, प्रो. रमेश चौहान, डॉ. शिवलाल भारद्वाज, डॉ. विपिन ठाकुर, डॉ. पंकज शर्मा, तथा डॉ. अभिषेक कुमार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपदा के प्रति सजगता बढ़ाना और प्राकृतिक व मानव-जनित आपदाओं से निपटने के उपायों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना रहा।
