बंजार (आशा डोगरा, सब एडिटर),
विधायक सुरेंद्र शौरी ने रविवार को सैंज घाटी के भूस्खलन प्रभावित सारी गांव का दौरा कर वहाँ की भयावह स्थिति का जायजा लिया। इस वर्ष की भारी बरसात के चलते सारी गांव की जमीन धंसने से पूरी बस्ती उजड़ गई है। कई स्थानों पर भूमि कई मीटर तक धंस चुकी है और नदी से कटाव के कारण पूरी पहाड़ी दरक गई है। परिणामस्वरूप, करीब 60 मकान जमींदोज हो गए हैं।
ग्राम पंचायत तलाड़ा में कुल मिलाकर लगभग 80 मकानों को नुकसान पहुँचा है। प्रभावित ग्रामीण वर्तमान में तंबुओं में रह रहे हैं और गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। विधायक शौरी ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र अब सिंकिंग ज़ोन बन चुका है, जिससे लोगों की आजीविका और सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 122 परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी आवश्यकता अनुसार चरणबद्ध तरीके से राहत पहुँचाई जाएगी।


रविवार प्रातः विधायक सुरेंद्र शौरी स्वयं राहत सामग्री लेकर सारी गांव पहुँचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा साझा की। उन्होंने ग्रामीणों को पुनर्वास कार्यों में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि वे पूरे क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर आवश्यक योजनाओं पर कार्य करेंगे। विधायक शौरी ने कहा “हम संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों के साथ खड़े हैं। प्रशासन व सबंधित विभागों को हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुँचाने के निर्देश किए गए हैं व पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
