ब्यूरो रिपोर्ट कुल्लू
कुल्लू भेखली मार्ग पर एक दुखद खबर सामने आई, जहां देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा रात करीब 8 बजे के बाद का है, जब पांच युवक एक कार में भेखली से कुल्लू लौट रहे थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान फगवाना गांव के 21 वर्षीय बालकृष्ण और 18 वर्षीय आशीष शर्मा उर्फ विशू के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल, हिमांशु और रिपन, तीनों मणिकर्ण घाटी के धारा गांव के निवासी हैं। सभी घायलों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिससे नियंत्रण खो बैठी और यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।


