झंडूता , 18 मार्च (जीवन): झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत बरठीं में मंगलवार को एक 16 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना त्रिमूर्ति मंदिर के पास स्थित किराए के मकान में हुई, जहां मृतका नैना पुत्री सतीश कुमार रहती थी। मूल रूप से मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली नैना बरठीं में अपने परिवार के साथ रह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत बरठीं अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य एकत्र कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है। मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और समय रहते मदद लेने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि डिप्रेशन, मानसिक तनाव और अन्य सामाजिक दबावों के कारण युवा इस तरह के कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस थाना प्रभारी तलाई विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर भेज दी गई है और आगामी कार्रवाई जारी है।


