राजगढ (पवन तोमर, ब्यूरोचीफ),
गणतंत्र दिवस का उपमण्डल स्तरीय समारोह राजगढ़ के नेहरू मैदान में 26 जनवरी को बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने आज यहां गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और परेड का निरीक्षण करने के उपरांत पुलिस, एन.सी.सी. तथा एन.एस.एस. की टुकड़ियों एवं स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के अलावा दौलांजी व अकाल एकेडमी बडू साहिब द्वारा भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने नगर पंचायत राजगढ़ को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर उचित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होेंने अन्य संबंधित विभागों को भी समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस समारोह में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्षा ज्योती साहनी, खंड विकास अधिकारी तपेंद्र नेगी, स्थानीय बैंकों के प्रमुख, सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

