ब्यूरो रिपोर्ट
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के ललड़ी गांव में बाल विवाह का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 16 साल की नाबालिग लड़की की शादी पंजाब के 35 वर्षीय युवक से करवाने की तैयारी की जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस शादी की तैयारी खुद लड़की के माता-पिता कर रहे थे। हालांकि, समय रहते महिला एवं बाल विकास विभाग को इसकी भनक लग गई और पुलिस व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।जानकारी के अनुसार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ललड़ी गांव में एक नाबालिग लड़की की शादी करवाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।जांच के दौरान जब लड़की और दूल्हे की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई तो पता चला कि किशोरी की उम्र महज 16 साल है, जबकि पंजाब के एक गांव का रहने वाला युवक 35 वर्ष का है। यानी दोनों की उम्र में करीब 19 साल का अंतर था। इसके बावजूद परिवारों की ओर से शादी करवाने की तैयारी की जा रही थी।मामले में लड़की के माता-पिता की भूमिका सामने आने के बाद विभागीय टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों और कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों के बारे में समझाया। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे किशोरी की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही शादी रुकवा दी गई।इस संयुक्त कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन ऊना की टीम से कुलबीर सिंह और वरदान, बाल संरक्षण इकाई से चंचल सिंह तथा पुलिस विभाग से एएसआई सुरेंद्र कुमार शामिल रहे। ग्राम पंचायत की प्रधान, उपप्रधान और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से 21 अक्तूबर से 21 दिसंबर 2026 तक बाल विवाह मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नाबालिग का विवाह करवाने या इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ बाल विवाह निषेध कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है। कानून के प्रावधानों के अनुसार दोषियों को दो वर्ष तक कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने की सजा का प्रावधान है।ललड़ी गांव का यह मामला समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करता है कि आखिर आज भी बेटियों का बचपन छीनकर उन्हें कम उम्र में विवाह के बंधन में क्यों बांधा जा रहा है। हालांकि, समय रहते विभाग और पुलिस की कार्रवाई से एक किशोरी का बाल विवाह रुक गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट शिमला। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने बिजली मीटर और कनेक्शन लगाने के कार्य में…
ब्यूरो रिपोर्ट शिमला। राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस के स्पेशल…
( ब्यूरो रिपोर्ट ), हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया…
( ब्यूरो रिपोर्ट ), हिमाचल प्रदेश में नवंबर के महीने में बारिश में 82 प्रतिशत…
ब्यूरो रिपोर्ट शिमला। साइबर ठग लोगों की जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ करने के…
सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ), धर्मपुर, 27 नवंबर 2026: SIU सोलन की टीम…