संध्या कश्यप नाहन
सिरमौर जिला में नाहन-शिलाई-रोहनाट सड़क पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। भटनोल के समीप रात करीब 11 बजे एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कांडो भटनोल निवासी सोहन सिंह और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। सोहन सिंह शिलाई एसडीएम कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। वहीं, हादसे के बाद से लापता चल रही उनकी 11 वर्षीय बेटी को सोमवार सुबह सुरक्षित खोज लिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में सोहन सिंह के साथ उनके दोनों बच्चे सवार थे। दुर्घटना में सोहन सिंह और उनके बेटे को सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, हादसे के बाद उनकी 11 वर्षीय बेटी का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। घटनास्थल के समीप बच्ची का स्कूल बैग मिलने से परिजनों और प्रशासन की चिंता और बढ़ गई।
बच्ची की तलाश के लिए सोमवार सुबह एसडीएम शिलाई जसपाल प्रशासनिक टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ड्रोन की मदद से आसपास के जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची के सुरक्षित होने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान बच्ची किसी तरह कार से बाहर निकल गई थी। अंधेरा और दुर्घटना के झटके के कारण वह कुछ समय तक बेसुध रही। होश आने के बाद वह किसी तरह नजदीकी गांव पहुंच गई, जहां से सोमवार सुबह उसके सुरक्षित होने का पता चला।
एसडीएम शिलाई ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में सोहन सिंह और उनके 7 वर्षीय बेटे की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया कि बच्ची का बैग घटनास्थल के समीप मिलने के बाद प्रशासन ने ड्रोन और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद 11 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित खोज लिया गया।
इस दर्दनाक हादसे से कांडो भटनोल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के पिता और मासूम बेटे की मौत से हर कोई स्तब्ध है। वहीं, रातभर लापता रही 11 वर्षीय बेटी के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदेश के बहुचर्चित 2500 करोड़ रुपये के क्रिप्टोकरेंसी निवेश घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय…
ब्यूरो रिपोर्ट शिमला, 1 नवंबर। जिला शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए…
ब्यूरो रिपोर्ट सिरमौर। जिला सिरमौर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार…
ब्यूरो रिपोर्ट शिमला। जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्र टिक्कर नावर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक…
ब्यूरो रिपोर्ट हिमाचल प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों के लिए नवंबर का महीना त्योहारों की खुशियां…
ब्यूरो रिपोर्ट जिला मुख्यालय नाहन के विला राउंड क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर…