शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
शिमला जिला में 10 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 के बीच सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही के कारण सोलन–शिमला राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात का वॉल्यूम उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। इसके बावजूद जिला पुलिस की प्रभावी एवं मैदानी स्तर पर सक्रिय तैनाती के चलते पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 10 अप्रैल को लगभग 17000 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई, जिनमें करीब 7000 वाहन अन्य राज्यों से संबंधित थे। 11 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर लगभग 19,000 हो गई, जिनमें करीब 9,000 बाहरी राज्य के वाहन शामिल रहे। वहीं 12 अप्रैल को सायं 6 बजे तक ही लगभग 11000 वाहन इस मार्ग से गुजर चुके थे, जिनमें करीब 5,500 अन्य राज्यों के वाहन थे।
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने पूर्व योजना के तहत विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया। सभी गजेटेड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड में मौजूद रहे, जबकि संबंधित थाना प्रभारियों (SHOs) ने स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई।
पुलिस की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी समन्वय के कारण पूरे सप्ताहांत के दौरान कहीं भी लंबा जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, जिससे आम जनता और पर्यटकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकी।
शिमला पुलिस यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आप सभी के सहयोग की आभारी है।


