ब्यूरो रिपोर्ट।
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम की संभावना जताई है। इस दौरान आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से नीचे बना हुआ है। न्यूनतम तापमान कल्पा और कुकुमसेरी में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने 10 से 13 अप्रैल के बीच भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है, वहीं 11 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्क रहने और खुले स्थानों पर खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
