शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
शिमला में लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। यह मामला महिला थाना शिमला में दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खोज अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठियोग तहसील के एक व्यक्ति ने महिला थाना शिमला में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री, जो न्यू शिमला में अपने रिश्तेदार के साथ रह रही थी, 2 अप्रैल को दोपहर करीब 2:30 बजे घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से विभिन्न संभावित स्थानों पर नाबालिग की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग का सफलतापूर्वक पता लगा लिया।
पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से परेशान होकर घर से चली गई थी और अपनी एक मित्र के साथ थी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया।

